राष्ट्र को मजबूती प्रदान करती है सामाजिक समरसताः मदन कौशिक

हरिद्वार । तीर्थनगरी हरिद्वार में समरसता, सौहार्द, समन्वय, सद्भाव के लिए भाजपा पार्षद दल के उपनेता अनिरूद्ध भाटी के संयोजन में श्री वासुदेव आश्रम, भूपतवाला में आयोजित समरसता भोज (खिचड़ी) का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर विधायक मदन कौशिक ने कहा कि सामाजिक समरसता स्वस्थ समाज का निर्माण करते हुए राष्ट्र को मजबूती प्रदान करती है। समाज के सभी वर्गों की एकजुटता से ही सामाजिक समरसता का भाव उत्पन्न होता है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार विभिन्न खाद्य पदार्थों से खिचड़ी बनती है ठीक उसी प्रकार विभिन्न वर्ग, जाति व धर्म से राष्ट्र का निर्माण होता है। खिचड़ी हमें एकजुटता का संदेश देती है। मदन कौशिक ने कहा कि क्षेत्रीय पार्षद अनिरूद्ध भाटी ने सामाजिक समरसता की दिशा में समरसता भोज (खिचड़ी) का आयोजन कर सार्थक पहल की है।

श्रीमहंत स्वामी देवानन्द सरस्वती ने कहा कि अनिरूद्ध भाटी के संयोजन में आयोजित समरसता भोज ने अपने नाम के अनुरूप सामाजिक समरसता का संदेश दिया है। जहां भोज में संतजन, विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक संगठनों के कार्यकर्त्ता, तीर्थ पुरोहित, व्यापारी, अधिकारी, कर्मचारी, मजदूर, युवा, वृद्ध, मातृशक्ति शामिल हुए हैं वहीं उसके साथ-साथ कुष्ठ आश्रम, मलीन बस्तियों व तीर्थयात्रियों को भी विभिन्न स्थानों पर खिचड़ी वितरित कर समरसता भोज की सार्थकता सिद्ध हुई है।

भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप गोयल व जिला महामंत्री आशुतोष शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से समाज में समरसता व एकजुटता का भाव उत्पन्न होता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश में सभी क्षेत्रों व वर्गों का उत्थान करने में जुटे हैं। सभी वर्गों की एकजुटता से ही हमारा राष्ट्र सशक्त बनेगा। इस प्रकार के आयोजन से निश्चित रूप से तीर्थनगरी में सामाजिक समरसता का वातावरण स्थापित होगा। कार्यक्रम संयोजक अनिरूद्ध भाटी ने कहा कि तीर्थनगरी में विभिन्न प्रकार के धार्मिक व सामाजिक आयोजन तथा भण्डारों का आयोजन होता रहता हैै। समाज के सभी वर्गों के लिए खिचड़ी भोज का आयोजन समरसता का वातावरण तैयार करेगा क्योंकि एकमात्र खिचड़ी ही ऐसा भोजन है जो सबको एकजुट रहने का संदेश देती है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जगपाल सिंह सैनी, महिला मोर्चे की प्रदेश उपाध्यक्ष अन्नू कक्कड़, प्रदेश मीडिया प्रभारी सुनील सैनी, स्वामी प्रेमानन्द, महंत सूरज दास, महंत मुकेशानन्द, शिवम महंत, विनोद शर्मा, ज्ञानी हरभजन सिंह, महंत ओमप्रकाश शास्त्री, गंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ, सिद्धार्थ, चक्रपाणी, उज्जवल पंडित, भाजपा मण्डल अध्यक्ष राजेश शर्मा, ओमप्रकाश राजपूत, तरूण नैयर, नागेन्द्र राणा, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रदीप चौधरी, सतपाल ब्रह्मचारी, संजय पालीवाल, अरविन्द शर्मा समेत अनेक गणमान्यजनों ने खिचड़ी प्रसाद ग्रहण किया।

Related Articles

Back to top button