पूर्वी दिल्ली सेवा भारती ने किया शिक्षिकाओं को सम्मानित

कृतार्थ सरदाना। दीपावली एक ऐसा उत्सव है जिसको मनाने का सिलसिला दिवाली से कई दिन पहले शुरू होकर दिवाली के कई दिन बाद तक चलता रहता है। तभी इसे हिन्दू धर्म का सबसे बड़ा उत्सव भी कहा जाता है। असल में यह दीप उत्सव रोशनी का उत्सव तो है ही। साथ ही इस बहाने घर, दुकान, कार्यालय और संस्थान की साफ सफाई से लेकर साज सज्जा भी हो जाती है और लोगों से मिलना जुलना भी।

इधर पूर्वी दिल्ली के  मानक सदन में भी सेवा भारती ने दीपावली मिलन का विशेष आयोजन किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा संचालित, सेवा भारती के पूर्वी विभाग द्वारा आयोजित इस समारोह में विभिन्न शिक्षिकाओं को सम्मानित भी किया गया। सेवा भारती के पूर्वी दिल्ली के अध्यक्ष विनोद बंसल और विभाग मंत्री राजश्री की अध्यक्षता में हुए इस समारोह में क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्तियों ने हिस्सा लिया। पूर्वी दिल्ली के चारों जिलों द्वारा मिलकर यहाँ कई सुंदर कार्यक्रम किए गए।

बता दें विनोद बंसल सेवा भारती  से तो बरसों से जुड़े ही हैं। साथ ही वह देश और समाज सेवा के साथ परमार्थ कार्यों में भी सदा बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेते हैं। उन्होंने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर इस कार्यक्रम का आयोजन भी शानदार ढंग से किया।

उधर शिक्षिकाओं ने भी इस कार्यक्रम को सुंदर बनाने में अपना भरपूर सहयोग दिया। रंगोली और दीपों की भव्य सजावट स्वयं शिक्षिकाओं ने की। मुख्य द्वार और रंगोली की सजावट देखते ही बनती थी। कार्यक्रम का  सुंदर मंच संचालन रुचि और सुमन ने किया।

प्रांत संगठन मंत्री सुखदेव द्वारा साबरी कथा के माध्यम से सुंदर संदेश दिया गया। इसके साथ ही प्रांत संगठन मंत्री ने माता लक्ष्मी और गणेश जी की पूजा के साथ सरस्वती जी की पूजा के महत्व को भी समझाया।

इस कार्यक्रम में विभाग कार्यवाह सतीश मित्तल व कुछ दान दाताओं ने आकर जिलों की शिक्षिकाओं का सम्मान बढ़ाया। विभाग और सभी जिलों के सहयोग से यह कार्यक्रम सफल रहा।

अंत में सभी शिक्षिकाओं को दिवाली की मिठाई व उपहार देकर उनके कार्यों की सराहना की गयी। विनोद बंसल ने कहा- सेवा भारती निरंतर कोई ना कोई सामाजिक और शैक्षिक कार्य करती रहती है।

Related Articles

Back to top button