राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने काशी कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में लगाई हाजिरी

वाराणसी । देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव के दरबार में हाजिरी लगाई। पहली बार आई राष्ट्रपति दरबार में विधि विधान से वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दर्शन-पूजन कर बेहद खुश दिखी। इस दौरान प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल,मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राष्ट्रपति की बेटी भी मौजूद रही। कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद राष्ट्रपति काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच रवाना हुई। लगभग चार घंटे के प्रवास में राष्ट्रपति दशाश्वमेध घाट पर मां गंगा की आरती में शामिल होंगी। शाम सवा सात बजे के लगभग राष्ट्रपति विशेष विमान से दिल्ली लौट जाएंगी। इसके पहले अपराह्न तीन बजे वायु सेना के विशेष विमान से राष्ट्रपति बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतर राष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचीं। यहां विमानतल पर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनकी अगवानी की। राष्ट्रपति राज्यपाल व मुख्यमंत्री के साथ एयरपोर्ट से कड़ी सुरक्षा के बीच वाहनों के काफिले में काल भैरव मंदिर पहुंची।

Related Articles

Back to top button