आज दिल्ली में होगी राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह की धूम, मिलने जा रहा है इन बड़े कलाकारों को पुरस्कार

  • प्रदीप सरदाना 

वरिष्ठ पत्रकार एवं फिल्म समीक्षक 

दिल्ली के विज्ञान भवन में आज मंगलवार 17 अक्तूबर को 69 वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह होने जा रहा है। जिसकी धूम दिल्ली से मुंबई तक ही नहीं देश भर में है। क्योंकि इस समारोह में देश के हर क्षेत्र, हर भाषा में बनी फिल्मों को पुरस्कृत किया जाता है।

इस बार तो इस समारोह की रौनक और भी शानदार होगी। क्योंकि मंगलवार को सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर की मौजूदगी में, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु जिन हस्तियों को पुरस्कार देंगी, उनमें कई बड़े और लोकप्रिय नाम भी हैं। जिनमें सबसे बड़ा नाम वहीदा रहमान का है जिन्हें वर्ष 2021 के लिए 53 वां दादा साहब फाल्के पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

साथ ही सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के लिए आलिया भट्ट और कृति सेनन को संयुक्त रूप से फिल्म ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ और ‘मिमी’ फिल्म के लिए पुरस्कृत किया जा रहा है। उधर फिल्म ‘पुष्पा’ के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार लेने के लिए अल्लु अर्जुन भी दिल्ली पहुँच रहे हैं। इनके साथ सहायक अभिनेता के रूप में पंकज त्रिपाठी और सहायक अभिनेत्री के लिए पल्लवी जोशी को भी  पुरस्कृत किया जाएगा।

उधर सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायिका का पुरस्कार श्रेया घोषाल को तमिल फिल्म ‘इरविन निजल’ के लिए दिया जा रहा है। फिल्म ‘आर आर आर’ के लिए गायक काल भैरव को सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक का पुरस्कार मिल रहा है। इनके साथ सर्वश्रेष्ठ फिल्म के रूप में आर माधवन की हिन्दी फिल्म ‘रॉकेट्री’ को तो सर्वश्रेष्ठ हिन्दी फिल्म के लिए ‘सरदार उधम’ को भी राष्ट्रपति पुरस्कृत करेंगी। तो मराठी फिल्म ‘गोदावरी’ के निखिल महाजन को सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार मिलेगा।

Related Articles

Back to top button