ईडी ने आप नेता संजय सिंह को किया गिरफ्तार, दिल्ली शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में लंबी पूछताछ के बाद लिया फैसला

आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज बुधवार 4 अक्टूबर को गिरफ्तार कर लिया है। ईडी ने दिल्ली शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के मामले को लेकर आज सुबह संजय सिंह के घर छापेमारी की थी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ईडी ने संजय सिंह से उनके दिल्ली के घर में करीब 10 घंटे की पूछताछ की। इस पूछताछ के बाद प्रवर्तन निदेशालय गिरफ्तारी के फैसले पर पहुंची।

राज्यसभा सांसद संजय सिंह पार्टी के तीसरे नेता हैं, जिन्हें इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले, आम आदमी पार्टी के नेता सत्येन्द्र जैन और मनीष सिसौदिया भी भ्रष्‍टाचार के मामले में गिरफ्तार किए गए।

संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि सच्चाई छिप नहीं सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि संजय सिंह ने दिल्ली उत्पाद शुल्क नीति के क्रियान्वयन में रिश्वत ली है। एक अन्य भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि आम आदमी पार्टी अब इसे राजनीतिक प्रतिशोध करार दे रही है। उन्होंने कहा कि वे अब खुद को निर्दोष दिखाकर लोगों की सहानुभूति हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। इस बीच दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी को गैर कानूनी बताया।

Related Articles

Back to top button