मुख्यमंत्री सिंगल क्लिक से किसानों को जारी करेंगे राशि

भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज (शुक्रवार को) विदिशा में आयोजित कार्यक्रम में सिंगल क्लिक से मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के लाभार्थी किसानों को राशि जारी करेंगे। विदिशा में आयोजित मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान कार्यक्रम में 80 करोड़ 97 लाख 21 हजार की लागत के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया जाएगा।

कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने बताया कि मुख्यमंत्री चौहान आज शहर की कृषि उपज मंडी मिर्जापुर प्रांगण में आयोजित मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत वर्ष 2022-23 की द्वितीय किस्त का लाभ सिंगल क्लिक के माध्यम से वितरण करेंगे।

इस कार्यक्रम को प्रदेश की सभी पंचायतों में एलईडी के माध्यम से किसानों को लाइव देखने व सुनने के प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। प्रदेश के सभी जिले की पंचायतों में हितग्राही बेवकास्ट लिंक के माध्यम से कार्यक्रम को देखा एवं सुना जा सकेगा। कार्यक्रम में लाड़ली बहिना योजना की विस्तार से जानकारी दी जाएगी। वहीं मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के अन्तर्गत स्वीकृति पत्रों का वितरण हितग्राहियों को किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button