Lok Sabha Elections 2024: बांसुरी स्वराज के लिए BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ने किया रोड शो, बोले ‘जनता भाजपा को वोट देकर केजरीवाल को सिखाएगी करारा सबक’

भारतीय जनता पार्टी (Bhartiya Janata Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा (Jagat Prakash Nadda) ने सोमवार को दिल्ली के मालवीय नगर में एक भव्य रोड शो (Road Show) किया। इस रोड शो में जन सैलाब उमड़ पड़ा। मोदी-मोदी, भारत माता की जय और अबकी बार 400 पार के नारों से पूरा इलाका गुंजायमान हो रहा था। जेपी नड्डा ने रोड शो के दौरान आम आदमी पार्टी एवं अरविंद केजरीवाल के झूठ और फरेब की कड़ी आलोचना की एवं दिल्ली की सातों सीटों पर भारी बहुमत से भाजपा को विजयी बनाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की अपील की।

इस रोड शो में भारतीय जनता पार्टी (BJP) दिल्ली प्रदेशाध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा (Virendra Sachdeva) और नई दिल्ली से भाजपा लोकसभा प्रत्याशी बांसुरी स्वराज (Bansuri Swaraj) सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

केजरीवाल का झूठ आज जनता के सामने उजागर हो चुका है

रोड शो के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आम आदमी पार्टी एवं अरविंद केजरीवाल पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल का झूठ आज जनता के सामने उजागर हो चुका है। केजरीवाल ने भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करने की कसम खाई थी लेकिन आज स्वयं आकंठ भ्रष्टाचार में डूब कर जेल गए हैं। अरविंद केजरीवाल ने पार्टी नहीं बनाने, चुनाव नहीं लड़ने और कभी कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करने की बात कही थी लेकिन केजरीवाल ने पार्टी भी बनाई, चुनाव भी लड़ा और आज कांग्रेस के साथ गठबंधन करके बैठे हैं।

स्वाति मालीवाल के मामले पर केजरीवाल को घेरा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं के सम्मान की बात करने वाले केजरीवाल ने अपने ही घर में अपनी ही पार्टी की महिला राज्यसभा सांसद के साथ मारपीट करवाई। आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल का झूठ एवं चरित्र पूरी तरह से जनता के समक्ष बेनकाब हो चुका है। राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ हुई मारपीट पर केजरीवाल की चार दिन तक की चुप्पी ने स्पष्ट कर दिया है कि केजरीवाल के मन में महिलाओं के प्रति आदर नहीं सिर्फ निरादर है।

जनता भाजपा को वोट देकर केजरीवाल को सिखाएगी करारा सबक

जेपी नड्डा ने कहा कि दिल्ली की जनता ने आगामी चुनाव में भाजपा को वोट देकर केजरीवाल को करारा सबक सिखाने का मन बना लिया है। कांग्रेस और इंडी गठबंधन की आलोचना करते हुए कहा कि भ्रम फैलाना, झूठ बोलना और जनता को मुद्दों से गुमराह करना ही कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और इंडी गठबंधन का विचार बन गया है।

जगत प्रकाश नड्डा ने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी को जनता को आशीर्वाद मिल रहा है और अपने लक्ष्य को लेकर भाजपा पूरी तरह स्पष्ट है। एनडीए गठबंधन लोकसभा चुनाव 2024 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 400 से अधिक सीटों पर विजयी होने वाला है, ये जनता ने जनादेश दे दिया है।

रोड शो के दौरान जेपी नड्डा (JP Nadda) ने बांसुरी स्वराज (Bansuri Swaraj) को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाकर देश में फिर एक बार मोदी सरकार बनाने और विकसित भारत की संकल्पना को सिद्ध करने में अपना योगदान देने की अपील की।

यह भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024: पश्चिमी दिल्ली की भाजपा प्रत्याशी कमलजीत सहरावत के रोड शो में शामिल हुए गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, छतों से हुई पुष्प वर्षा

Related Articles

Back to top button