Sahityotsav 2024: दिल्ली में विश्व का सबसे बड़ा साहित्योत्सव आज से शुरू, 6 दिन के उत्सव में 1100 लेखक होंगे शामिल, अकादेमी पुरस्कार अर्पण के साथ सैंकड़ों सम्मेलन और गुलज़ार का संवत्सर व्याख्यान

  • प्रदीप सरदाना

वरिष्ठ पत्रकार एवं समीक्षक 

आगामी लोकसभा चुनावों को लेकर यूं तो दिल्ली इन दिनों राजनैतिक गतिविधियों के लिए ज्यादा चर्चित है। लेकिन इधर आज सोमवार 11 मार्च से दिल्ली में शुरू हुए साहित्योत्सव (Sahityotsav 2024) से राजधानी साहित्यिक-सांस्कृतिक रंगों से महक उठी है। इस 6 दिवसीय साहित्योत्सव (Sahityotsav 2024) का आयोजन देश की प्रतिष्ठित साहित्यिक संस्था ‘साहित्य अकादेमी’ (Sahitya Akademi) कर रही है। हालांकि अकादेमी ‘साहित्योत्सव’ (Sahityotsav) का आयोजन प्रतिवर्ष करती है। लेकिन इस बार यह आयोजन बेहद खास है।

साहित्य अकादेमी के 70 वर्ष

इस वर्ष साहित्य अकादेमी (Sahitya Akademi) की स्थापना के 70 वर्ष हो गए हैं। भारत सरकार ने भारतीय साहित्य के सक्रिय विकास और पोषण, साहित्य में उच्च मानदंड स्थापित करने और भारतीय भाषाओ में साहित्यिक गतिविधियों को समन्वित करने जैसे उद्देश्यों को लेकर 12 मार्च 1954 को साहित्य अकादेमी (Sahitya Akademi) की स्थापना की थी। इसलिए अकादेमी इस वर्ष के साहित्योत्सव (Sahityotsav) को और भी अधिक उत्साह तथा व्यापक स्तर पर आयोजित कर रही है। समारोह की व्यापकता और भव्यता इतनी है कि इस वर्ष यह आयोजन विश्व का सबसे बड़ा साहित्य उत्सव होने जा रहा है।

साहित्योत्सव (Sahityotsav 2024) के 11 से 16 मार्च के 6 दिनों में देश के 1100 से अधिक लेखक और विद्वान हिस्सा ले रहे हैं। इससे पूर्व किसी एक साहित्य उत्सव में लेखकों की इतनी बड़ी भागीदारी कहीं नहीं देखी गयी। साथ ही यह एक ऐसा अद्धभुत साहित्योत्सव (Sahityotsav) भी होने जा रहा है जिसमें देश की 175 भाषाओं के लेखकों, कवियों और विद्द्वानों का प्रतिनिधित्व होगा। हालांकि यह बात अनेक व्यक्तियों को आश्चर्यचकित कर सकती है कि क्या हमारे देश में 175 भाषाएँ हैं। क्योंकि हम सब मुख्यतः देश की 24 भाषाओं से अधिक परिचित हैं। जिनमें हिन्दी, संस्कृत, गुजराती, मराठी, पंजाबी, बांग्ला, अँग्रेजी, उर्दू, तमिल, तेलुगू, मलयालम, कन्नड, ओड़िया, राजस्थानी, असमिया, डोगरी और नेपाली जैसी भाषाएँ प्रचलित हैं। साहित्य अकादेमी (Sahitya Akademi) भी ऐसी ही 24 भाषाओं की कृतियों के लेखकों,कवियों को सम्मानित करती है। लेकिन विशाल भारत वर्ष में इतनी भाषाएँ और बोलियाँ हैं जिनकी कल्पना भी नहीं की जा सकती।

175 भाषाओं के लेखक-कवि होंगे शामिल

देश के आदिवासी और पहाड़ी क्षेत्रों में भी कदम-कदम पर विभिन्न भाषाएँ बोली जाती हैं। यह देश का ऐसा पहला समारोह होगा जब एक ही मंच पर 175 भाषाओं के लेखक-कवि सम्मिलित होंगे। इनमें प्रमुख भाषाओं के साथ जहां मैथिली, अवधि, हरियाणवी, हिमाचली, कश्मीरी, कोंकणी, संताली, बोडो भाषाएँ तो होंगी ही। साथ ही मोनपा, कुरमाली, मगही, सरही, तिवा, चिरु, दिमासा, खानदेशी, लेबागन, जुआँग, यसगरा, शीना, भोटी, गालो, तडवी, राठवी, मीणी, अहिरानी, टोटो और तुलु जैसी कई ऐसी भाषाएँ भी होंगी जिनके नाम भी पहले नहीं सुने होंगे।

इस बार के साहित्योत्सव (Sahityotsav 2024) की एक विशेषता यह भी है कि इसमें लगभग 190 सत्र आयोजित होंगे। जिनमें कई जाने माने लेखकों-कवियों के साथ कला-संस्कृति की दुनिया के भी कई विशिष्ट नाम शामिल होंगे। साथ ही देश के तीन  राज्यों के राज्यपाल भी समारोह में हिस्सा ले रहे हैं। ये हैं केरल के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद खान, छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचन्दन और पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी वी आनंदबोस।

जाने माने साहित्यकारों के साथ प्रख्यात लेखक गुलज़ार भी लेंगे भाग

समारोह का एक बड़ा आकर्षण यह भी है कि प्रख्यात लेखक और गुलज़ार (Gulzar) सिनेमा और साहित्य विषय पर 13 मार्च शाम को प्रतिष्ठित संवत्सर व्याख्यान प्रस्तुत करेंगे। उल्लेखनीय है कि हाल ही में गुलज़ार को ज्ञानपीठ पुरस्कार से भी सम्मानित करने की घोषणा हुई है।

यूं साहित्योत्सव में विभिन्न भाषाओं के जो साहित्यकार सम्मिलित हो रहे हैं उनमें चंद्रशेखर कंबार, एस एल भैरप्पा, आबिद सुरती, के सच्चिदानंद, पॉल जकरिया, शीला झुनझुनवाला, चित्रा मुद्गल, मृदुला गर्ग, नमिता गोखले, सचिन केतकर, ममंग दई, एस एच शिवप्रकाश, के इनोक, कुल सैकिया, मालश्री लाल, अरुंधति, वर्षा दास, राणा नायर, उदय नारायण सिंह, कपिल कपूर, शीन काफ निज़ाम और वाई डी थोंगची जैसे नाम तो शामिल हैं।

उधर ममता कालिया, असगर वजाहत, अशोक चक्रधर, राम बहादुर राय, लीला धर मंडलोई, प्रयाग शुक्ल, बुद्धिनाथ मिश्रा, अमरनाथ अमर और ओम निश्चल जैसे और भी कई प्रतिष्ठित व्यक्ति इस उत्सव में भाग ले रहे हैं।

सोनल मानसिंह, संध्या पुरेचा और शोवना नारायण भी लेंगी हिस्सा

साहित्योत्सव (Sahitya Akademi) में कला संस्कृति पर भी कई कार्यक्रम हैं। जिनमें सोनल मानसिंह, संध्या पुरेचा, शोवना नारायण विभिन्न सत्रों में हिस्सा लेंगी। वहाँ अर्जुन देव चारण, भानु भारती, देवेन्द्र राज अंकुर, वामन केंद्रे, चितरंजन त्रिपाठी जैसे व्यक्तित्व रंगमंच और साहित्य से जुड़े विषयों पर अपना मत रखेंगे।

गुरुदेव टैगोर को संगीतमय श्रद्धांजलि

वहाँ 12 मार्च को कमानी सभागार में ‘कस्तूरी’ के माध्यम से गुरुदेव रबीन्द्रनाथ टैगोर को संगीतमय श्रद्धांजलि दी जाएगी। जिसमें पंडित विश्वमोहन भट्ट, संदीप भूटोरिया, शिंजनी कुलकर्णी और अंकिता जोशी जैसे कलाकार होंगे। इसे पूर्व समारोह के पहले दिन राजश्री वारियार की भरतनाट्यम प्रस्तुति होगी। तो 14 मार्च को ‘संत वाणी गायन’ में महेशा राम और साथी का संगीतमय कार्यक्रम होगा। फिर 16 मार्च को चितरंजन त्रिपाठी द्वारा निर्देशित और दया प्रकाश सिन्हा द्वारा लिखित नाटक ‘सम्राट अशोक’ का मंचन भी साहित्योत्सव (Sahityotsav 2024) का आकर्षण रहेगा।

समारोह का उदघाटन 11 मार्च सुबह केंद्रीय संस्कृति राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल (Arjun Ram Meghwal) ने किया। जबकि साहित्योत्सव (Sahityotsav 2024) का सबसे प्रमुख कार्यक्रम ‘साहित्य अकादेमी पुरस्कार’ (Sahitya Akademi Awards) अर्पण समारोह 12 मार्च शाम को कमानी सभागार में होगा। इस कार्यक्रम की प्रमुख अतिथि ओड़िया की प्रसिद्द लेखिका प्रतिभा राय होंगी। जबकि साहित्य अकादेमी (Sahitya Akademi) के अध्यक्ष माधव कौशिक, उपाध्यक्ष कुमुद शर्मा और अकादेमी सचिव के श्रीनिवास राव (K Sreenivasarao) पुरस्कारों और उत्सव पर अपने विचार रखेंगे।

इस वर्ष इन साहित्यकारों को मिलेगा पुरस्कार

इस बार जिन लेखकों को साहित्य अकादेमी पुरस्कारों (Sahitya Akademi Awards) से पुरस्कृत किया जा रहा है। उसमें हिन्दी में ‘मुझे पहचानो’ कृति के लिए कथाकार संजीव को यह सम्मान मिलेगा। वहाँ मराठी के लिए कृष्णात तुकाराम, संस्कृत के लिए अरुण रंजन मिश्र, अँग्रेजी के लिए नीलम सरन गौड़, गुजराती के लिए विनोद जोशी, पंजाबी के लिए स्वर्णजीत सवी, और राजस्थानी के लिए गजेसिंह राजपुरोहित को पुरस्कार मिलेगा।

वहाँ प्रणव ज्योति डेका (असमिया) स्वप्नमय चक्रवर्ती (बांग्ला) सादिका नवाब सहर (उर्दू) विनोद आसुदानी (सिंधी) आशुतोष पारिड़ा (ओडिया) लक्ष्मीश टोल्पाडि) विजय वर्मा (डोगरी) युद्धवीर राणा (नेपाली) बासुकी नाथ झा (मैथिली) एस राजशेखरन (तमिल) तरासीन वास्के (संताली) तल्लावझला  तंजलि शास्त्री (तेलुगू) इ वी रामकृष्णन (मलयालम) नंदेश्वर दैमारि (बोड़ो) मंशूर बानिहाली (कश्मीरी) प्रकाश एस पर्येंकर (कोंकणी) और सोरोकखाईबम गम्भीनी (मणिपुरी) को भी साहित्य अकादेमी (Sahitya Akademi) के प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इन सबके साथ साहित्य अकादेमी (Sahitya Akademi) के महत्तर सदस्यों को भी 11 मार्च को सम्मानित किया जाएगा।

कार्यक्रम में विभिन्न सत्रों में कई महत्वपूर्ण सत्र हैं। जिनमें बहुभाषी कवि सम्मेलन, कहानी पाठ, नारी शक्ति, आदिवासी कवि लेखक सम्मेलन, भारत में बाल साहित्य, भारत में नाट्य लेखन, भारत की सांस्कृतिक विरासत, भारतीय भाषाओं में विज्ञान कथा साहित्य, भविष्य के उपन्यास, भारतीय साहित्य में आत्मकथाएं, विदेशों में भारतीय साहित्य, भारत की अवधारणा, साहित्य और सामाजिक आंदोलन, मीडिया और साहित्य, विविधता में एकता, भारतीय गौरवग्रंथ तथा विश्व साहित्य, भारत का धार्मिक और दार्शनिक साहित्य, कविता का भविष्य, नैतिकता और साहित्य प्रमुख हैं।

उधर इस बार की राष्ट्रीय संगोष्ठी स्वातंत्र्योतर भारतीय साहित्य पर होगी। साथ ही अखिल भारतीय दिव्यांग लेखक सम्मेलन, एलजीबीटीक्यू लेखक सम्मेलन, मीर तकी मीर की जन्म त्रिशतवार्षि की संगोष्ठी, गोपीचन्द नारंग संवाद जैसे विशेष आयोजन भी साहित्योत्सव (Sahityotsav 2024) की गरिमा बढ़ाएँगे।

समारोह में बच्चें भी होंगे शामिल

समारोह में बच्चों का आकर्षण भी बना रहे और बच्चे भी विश्व के इस सबसे बड़े साहित्योत्सव में अपनी भागीदारी कर सकें इसके लिए बच्चों को भी इसमें जोड़ा गया है। इसके लिए दिल्ली-एनसीआर के स्कूलों के एक हज़ार बच्चों को समारोह में आमंत्रित किया है। जहां बच्चे चित्रकला प्रतियोगिता और साहित्य प्रश्नोतरी और कुछ अन्य प्रतियोगिता में भाग ले सकेंगे।

देश भर के साहित्यकार एक मंच पर रहेंगे – के श्रीनिवासराव

साहित्य अकादेमी (Sahitya Akademi) के सचिव के श्रीनिवासराव (K Sreenivasarao) भी साहित्य के इस महाकुंभ के आयोजन से अच्छे खासे उत्साहित हैं। श्रीनिवासराव (K Sreenivasarao) पिछले कुछ बरसों में साहित्य अकादेमी (Sahitya Akademi) में नियमित बड़े आयोजन का लंबा और सफल अनुभव रखते हैं। राव (K Sreenivasarao) बताते हैं- विश्व के सबसे बड़े साहित्योत्सव (World’s Biggest Literature Festival) का आयोजन कर हम निश्चय ही प्रसन्न हैं, उत्साहित हैं। हालांकि हम इस आयोजन से गिनीज़ बुक में अपना नाम शामिल करने का कोई प्रयास नहीं कर रहे हैं। प्रयास बस इतना है कि देश भर के साहित्यकार एक ही मंच पर एकत्र हो सकें, मिल सकें चर्चा कर सकें। साथ ही हमारा यह आयोजन अच्छे से सफल हो सके।

यह भी पढ़ें Sahityotsav 2024: साहित्य अकादेमी ने अपनी 70वीं वर्षगांठ पर किया बड़ा ऐलान, विश्व का सबसे बड़ा साहित्योत्सव का होगा आयोजन, देश की 175 भाषाएं होंगी शामिल, जानिए कब से हो रहा है शुरू

Related Articles

Back to top button