RSS राष्ट्र सेविका समिति का दिल्ली में भव्य होली मिलन, समारोह में वरिष्ठ पत्रकारों के संग खूब जमे रंग

कृतार्थ सरदाना। होली में चाहे अभी कुछ दिन शेष हैं। लेकिन देश भर में होली मिलन समारोह का सिलसिला चल निकला है। यूं कुछ होली मिलन मात्र औपचारिक होते हैं। लेकिन कुछ होली मिलन इतने सौहार्दपूर्ण होते हैं जहां रंगों से सराबोर हुए बिना भी इंसान रंगमय हो जाता है। ऐसे ही एक शानदार होली मिलन का आयोजन ‘राष्ट्र सेविका समिति’ (Rashtra Sevika Samiti) दिल्ली प्रांत के प्रचार विभाग ने, गुरुवार को नयी दिल्ली में किया।
दिल्ली के कस्तूरबा गांधी स्थित सीएसओआई (CSOI) में आयोजित इस ‘सप्तरंग’ कार्यक्रम में हालांकि रंग-गुलाल की कोई कमी नहीं थी। बहुत से अतिथियों ने रंग खेले भी। लेकिन जिसने रंग नहीं खेले उसका आनंद भी देखते ही बनता था। महिलाओं द्वारा संचालित ‘राष्ट्र सेविका समिति’ सन 1936 से देश भर में महिलाओं से जुड़े विभिन्न कार्यों और उनके कल्याण के लिए पूरी तरह अग्रसर और समर्पित है।
संघ के दर्शन के अनुरूप है ‘राष्ट्र सेविका समिति’
1925 में ‘राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ’ की स्थापना के 11 साल बाद, संघ के दर्शन के अनुरूप ही विजय दशमी के दिन वर्धा में ‘राष्ट्र सेविका समिति’ की स्थापना हुई थी। इसकी प्रथम संचालिका लक्ष्मीबाई केलकर जी थीं। तब से अब तक साल भर में यह संस्था अपने बहुत से कार्यक्रम आयोजित करती रहती है।
पत्रकारों के लिए था संस्था का यह दिल्ली में प्रथम होली मिलन
इधर यह पहला मौका था जब ‘राष्ट्र सेविका समिति’ ने दिल्ली में प्रतिष्ठित पत्रकारों के लिए होली मिलन का रंगारंग कार्यक्रम रखा। साथ ही कुछ अन्य गणमान्य व्यक्तियों को भी समारोह में बुलाया गया। जिसका उद्देश्य भारतीय संस्कृति, परम्पराओं के साथ नारी शक्ति का बोध कराना भी था। कार्यक्रम की थीम थी -रंग भी,संग भी, विचार भी, प्रचार भी’।
समारोह में सभी ने संग बैठकर जहां एक दूसरे को गुलाल लगाए। गुलाब पुष्पों की वर्षा हुई। गीत-संगीत और नृत्य भी हुआ और खट्टे मीठे और तीखे व्यंजनों का स्वाद भी लिया गया। साथ ही परस्पर संवाद के माध्यम से विचारों का आदान प्रदान भी हुआ।
कार्यक्रम में ‘राष्ट्र सेविका समिति’ की दिल्ली प्रांत की संचालिका चारु कालरा, प्रांत प्रचार प्रमुख रचना बाजपेयी और दिल्ली प्रांत प्रचारिका विजया शर्मा के साथ प्रांत सहकार्यवाहिका विदुषी शर्मा और प्रतिभा बिष्ट समारोह को अविस्मरणीय बनाने में जुटी रहीं। उधर पत्रकार और संस्था से मजबूती से जुड़ीं सर्जना शर्मा की अथितियों को आमंत्रित करने, उनका ध्यान रखने और सभी से मिलने-मिलाने में अहम भूमिका रही।
89 बरसों से महिलाओं के सशक्तिकरण में जुटी है समिति
‘राष्ट्र सेविका समिति’ पिछले करीब 89 बरसों से महिलाओं के कल्याण और उनके सशक्तिकरण के लिए कई अनुपम कार्य कर रही है। पिछले करीब 12 बरसों से ‘राष्ट्र सेविका समिति’ की अखिल भारतीय संचालिका वी शांताकुमारी अपने नेतृत्व में, महिलाओं को शिक्षित, जागरूक और प्रशिक्षित करने के साथ उन्हें स्वस्थ, गरिमामय और सुरक्षित जीवन देने के लिए कृतसंकल्प हैं।
गणमान्य पत्रकार भी पहुंचे समारोह में
उधर इस बार संस्थान के दिल्ली के प्रथम होली मिलन में भी महिलाओं की राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण भावना स्पष्ट देखी जा सकती थी। समारोह में मीडिया जगत के कुछ वरिष्ठ और प्रतिष्ठित पत्रकारों के साथ नयी पीढ़ी के पत्रकारों ने भी हिस्सा लिया। पंजाब केसरी समूह की निदेशक किरण चोपड़ा ने तो यहाँ अपना सम्बोधन भी दिया। वहाँ वरिष्ठ पत्रकार, कवि एवं जाने माने स्तंभकार और कला व फिल्म समीक्षक प्रदीप सरदाना ने भी समारोह में संस्था पदाधिकारियों और पत्रकारों से संवाद किया।
मीडिया जगत से आए अन्य प्रमुख व्यक्तियों मे, विचित्रा शर्मा, अदिति टंडन, मंजरी चतुर्वेदी, रत्ना शुक्ला, राखी बख्शी, अंशुमन मिश्रा, विनोद मिश्रा, पूजा महरोत्रा, नीतू कुमार, संगीता अग्रवाल, दिव्या अग्रवाल और सुप्रिया सत्यम सहित और भी कई नाम शामिल हैं।
अशोक सचदेवा और पवित्रा नन्द गिरि भी हुए शामिल
वहाँ ‘इंद्रप्रस्थ विश्व संवाद केंद्र’ के अध्यक्ष अशोक सचदेवा, किन्नर अखाड़े की संस्थापक सदस्य और महामंडलेश्वर डॉ पवित्रा नन्द गिरि, भाजपा प्रवक्ता रौचिका अग्रवाल, समाज सेविका नीरू अधिकारी और परिधि के अध्यक्ष निर्मल स्वराज शिवरतन वैद भी समारोह में सम्मिलित हुए।
अब आगे भी होते रहेंगे ऐसे आयोजन
समारोह में रचना बाजपेयी और विजया शर्मा ने बताया कि ‘राष्ट्र सेविका समिति’ भविष्य में भी इस प्रकार के मिलन समारोह का आयोजन करती रहेगी।