लक्ष्मी नगर के विधायक अभय वर्मा बने भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा एवं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिती में दिल्ली भाजपा के विधायक दल की बैठक मंगलवार को दिल्ली विधानसभा परिसर में सम्पन्न हुई। बैठक में विधानसभा दल की गतिविधियाँ सुचारू रूप से चलाने के लिए मुख्य सचेतक की नियुक्ति को लेकर चर्चा हुई और सभी विधायकों ने निर्णय बैठक में उपस्थित प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा पर छोड़ दिया।
प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने विधानसभा दल की अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से चर्चा कर लक्ष्मी नगर से दूसरी बार विधायक चुने गये अभय वर्मा को विधायक दल का मुख्य सचेतक नियुक्त किए जाने की घोषणा की।
अभय वर्मा दिल्ली की राजनीति में पूर्वांचल का एक पहचाना चेहरा
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि विधायक अभय वर्मा दिल्ली की राजनीति में पूर्वांचल का एक पहचाना हुआ चेहरा हैं और उनके पास विधायक होने के अनुभव के साथ ही कानून की समझ भी है अतः हम उम्मीद करते हैं की वह कुशलतापूर्वक मुख्य सचेतक का दायित्व निर्वहण कर सकेंगे।
विद्यार्थिकाल से भाजपा परिवार से जुड़े रहे
लक्ष्मी नगर के विधायक अभय वर्मा 2021 से दिल्ली भाजपा के मुख्य प्रवक्ता हैं। वह प्रदेश भाजपा पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष के अलावा चार कार्यकाल दिल्ली प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष भी रहे हैं। अभय वर्मा विद्यार्थिकाल से भाजपा विचार परिवार से जुड़े रहे हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय की लॉ फैकल्टी छात्र संघ के अध्यक्ष रहे। इसके अलावा अभय वर्मा दिल्ली बार एसोसिएशन के दो बार सदस्य भी चुने गये और एक बार अवैतनिक सचिव भी रहे।