जेपी नड्डा ने दिल्ली-हरियाणा के 6 जिला कार्यालयों के उद्घाटन के साथ बता दिया कब होगा भाजपा के दिल्ली कार्यालय का उद्घाटन

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के संगठन सदस्यता विस्तार के साथ ही भाजपा के सभी संगठनात्मक जिलों के कार्यालयों के निर्माण एवं आवंटन का कार्य भी तेज़ी से सम्पन्न हो रहा है। इसी क्रम में रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी मुख्यालय विस्तार में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में दिल्ली एवं हरियाणा के वरिष्ठ नेताओं के साथ ही हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिती में दिल्ली भाजपा के महरौली, बाहरी दिल्ली एवं पश्चिमी दिल्ली के जिला कार्यालयों के साथ ही हरियाणा के झज्जर, सिरसा एवं कुरुक्षेत्र के जिला कार्यालयों का डिजिटल उद्घाटन किया।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मंचासीन राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहनलाल बडोली का दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।

मंच पर दिल्ली भाजपा सह प्रभारी डा. अल्का गुर्जर, केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद मनोज तिवारी, प्रवीन खंडेलवाल एवं बांसुरी स्वराज का भी अभिनंदन हुआ।

केन्द्रीय कार्यक्रम का संयोजन एवं मंच संचालन दिल्ली भाजपा के कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग ने किया। कार्यक्रम में सांसद मनोज तिवारी द्वारा गाये संगठन एवं सरकार के कार्यों के प्रोत्साहन के लिए गाये संगठन गीत ने उपस्थित कार्यकर्ताओं में नवीन उर्जा का संरचण किया।

दिल्ली के तीनों नवनिर्मित जिलों के कार्यालयों पर क्षेत्रीय सांसदों रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेन्द्र चांदोलिया एवं कमलजीत सहरावत के साथ दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, कपिल मिश्रा, रविन्द्र इंद्राज सिंह, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, पंकज सिंह के साथ ही क्षेत्रीय विधायक, पार्षद, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सम्मलित हुए। तीनों कार्यक्रमों की अध्यक्षता जिलाध्यक्षों रविन्द्र सोलंकी, रामचंद्र चावरिया एवं राज गौतम ने की।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मजयंती है। इसलिए आज के दिन उनको याद करना हमारी नैतिक जिम्मेदारी भी है और हमारा भावनात्मक रिश्ता भी है। बहुआयामी प्रतिभा के मालिक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी 33 वर्ष की आयु में कोलकाता युनिवर्सिटी के प्रोफेसर बन गए और 36 वर्ष की आयु में विधानसभा में पहुंच गए थे।

जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि श्यामा प्रसाद मुखर्जी की खासियत थी कि वह कभी भी पद से नहीं चिपके लेकिन जीवन भर और जीवन का बलिदान विचारों से चिपकर दिया। विचारों के साथ उन्होंने कभी भी समझौता नहीं किया और आज देश श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी का ऋणी है। पश्चिम बंगाल भारत का हिस्सा नहीं रहता लेकिन श्यामा प्रसाद मुखर्जी की ही देन है कि पश्चिम बंगाल को हम बचा पाए।

जगत प्रकाश नड्डा ने दिल्ली और हरियाणा के कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से दिल्ली में 27 सालों के बाद और हरियाणा में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर एक इतिहास रच दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने अपने 11 साल पूरे किए हैं। पूरी ताकत के साथ ये 11 साल बेमिसाल रहे हैं और यह स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाने वाला साल है। सेवा, साधना और समर्पण और सिद्धी के साथ इस बात को सिद्ध किया गया संकल्प अडिग रहा है, नियत जनसेवा की होती है तो सेवा सुशासन के नए कीर्तिमान साबित होते हैं और ये 11 सालों में नए कीर्तिमान स्थापित हुए हैं।

जेपी नड्डा ने कहा कि सेवा हमारा कोई स्लोगन नहीं है बल्कि कार्य करने की पद्धति का हिस्सा है। यह सबने देखा कि जब कोरोना जैसी महामारी आई तो बड़े बड़े राजनीतिक दल कोमा में आई.सी.यू. में चले गए, कही भी उनके दर्शन नहीं थे और उस वक्त भाजपा एकलौती पार्टी थी जिसने सेवा ही संगठन के भाव से करोड़ों लोगों की सेवा की, इस बीच में हमने अपने कार्यकर्ताओं को भी खोया लेकिन सेवा में हमने कोई कमी नहीं होने दी।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जब सुरक्षा की बात आती है तो ऊरी के बदले हमने सर्जिकल स्ट्राइक और पुलवामा के बदले एयरस्ट्राइक करके हमने हिसाब पूरा किया और इस बार पहलगाम की घटना घटी तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कल्पना से बाहर का हिसाब लिया जाएगा और एक साथ ऑपरेशन सिंदूर के तहत 9 एयरबेस को ध्वस्त कर दिया गया।

जेपी नड्डा ने कहा कि आज आपने जो जिला कार्यालय देखा वह पूरी तरह से सुसज्जित है। चाहे प्रेस कॉन्फ्रेंस रुम हो, ब्रीफींग हॉल हो या आईटी रुम हो लेकिन साल 2014 से पहले यह ऐसा नहीं था। जब नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बनें तो उन्होंने उसी वक्त कहा था कि हमें हर प्रदेश में एक बड़ा कार्यालय और हर जिले में एक कार्यालय बनाने के संकल्प के साथ आगे बढना है।

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि जब अमित शाह राष्ट्रीय अध्यक्ष थे उस वक्त हमने 772 कार्यालयों को बनाने की योजना बनाई थी और आज हमें इस बात की बेहद खुशी है कि 582 जिला कार्यालय बना लिए हैं और प्रदेश के लगभग सभी प्रदेशों में प्रदेश कार्यालय बन जाएंगे और दिल्ली कार्यालय का भी आगामी नवरात्रों में उद्घाटन कर देंगे।

वीरेन्द्र सचदेवा ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि आज का दिन एक पवित्र दिन है और जनसंघ के संस्थापक डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्म जयंती भी है। जिस विचार को उन्होंने जनसंघ के रुप में अंकुरित किया आज उसी से भारतीय जनता पार्टी के विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। हर्ष का विषय है की दिल्ली और हरियाणा के तीन-तीन जिलों का उद्घाटन आज हो रहा है।

भाजपा दिल्ली अध्यक्ष सचदेवा ने उन सभी संगठन के महापुरुषो को याद किया जिन्होंने संगठन को मजबूती देने में अपना पूरा जीवन बिता दिया। पहले बैठक के लिए हमें कोई ना कोई जगह ढूंढनी होती थी लेकिन आज हमारा जिला स्तर पर कार्यालय है यह हमारा सौभाग्य है। हमारा कार्यालय एक कार्य पद्धती का अंग है और हमारे कार्यकर्ताओं को संस्कारित करने का केन्द्र है।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी कार्यालय नए कार्यकर्ताओं को पुराने कार्यकर्ताओं द्वारा संस्कारित करने का केन्द्र होता है। कार्यालय में आने वाले कार्यकर्ताओं और दिल्ली के लोगों का काम हो यह सुनिश्चित करना हमारा कर्तव्य है और हमें विश्वास है कि दिल्ली के जिन तीन कार्यालयों के उद्घाटन हो रहा है, वहां लोग अपनी समस्या लेकर आएं और उसका समाधान करना हम सुनिश्चित करें।

हरियाणा के अध्यक्ष मोहन लाल बडोली ने कहा कि कुरुक्षेत्र, सिरसा और झझ्जर जिला कार्यालय का उद्घाटन किया जा रहा है और हरियाणा में कुल 22 जिले हैं जिनमें से 20 जिला कार्यालयों का उद्घाटन हो चुका है और 10 अगस्त से पहले 2 और बाकी जिलों के कार्यालयों का उद्घाटन हो जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला कार्यालय कार्यकर्ताओं के निर्माण का केन्द्र रहेगा और साथ ही सेवा ही संगठन के भाव से हम वहां काम करेंगे।

मोहन लाल बडोली ने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी को बधाई दी जिन्होंने बेहतर तरीके से सरकार चलाई और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को भी बधाई दी जिन्होंने 100 दिनों के कार्यकाल में कई बड़ी उपलब्धी हासिल की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों को जन जन तक पहुंचाने का काम हम इन्हीं कार्यालयों के माध्यम से करेंगे।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि धीरे धीरे ही सही लेकिन आज हम करोड़ों कार्यकर्ताओं वाली पार्टी बन गए हैं। एक चिंगारी और एक लौ 2014 में मिली उसके बाद रौशनी बढ़ती चली गई और उसका नतीजा है कि आज 21 राज्यों में हमारी सरकार है और सबसे अधिक संख्या में सांसद विधायक पार्षद हैं। यह उस पार्टी की कहानी है जो सधारण कार्यकर्ताओं को भी मुख्यमंत्री बनाने से पीछे नहीं हटती। बढ़ने का मार्ग भाजपा ने हम सब को दिया और यह हमारा परिवार है।

रेखा गुप्ता ने कहा कि संगठन के विस्तार के लिए कभी हम धूप में जले तो कभी बारिश में भीगे और 27 सालों के बाद दिल्ली में हमारी सरकार बनी। आज जिला कार्यालयों का उद्घाटन यह बता रहा है कि हमारा संगठनात्मक आधार मजबूत बन रहा है। उन्होने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नम्र स्वाभाव की सराहना करते हुए कहा की उनकी मुस्कान हम जैसे कार्यकर्ताओं को नित नई उर्जा देती है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी ने कहा कि आज का यह दिन सिर्फ एक कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम का दिन मात्र नहीं है बल्कि हरियाणा और भाजपा के विकास यात्रा में स्वर्णिम अध्याय जोड़ने वाला दिन है। भाजपा को हर घर तक पहुंचाने के संकल्प से सिद्धी का उत्सव है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए गर्व की बात है कि हमारे बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा है जिनके कर कमलो से तीनों कार्यालयों का उद्घाटन हो रहा है।

नायाब सिंह सैनी ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भी नमन किया जिनकी आज जन्म जंयति पूरा राष्ट्र मना रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय कोई सिमेंट और कंक्रिट की दीवारे नहीं बल्कि सेवा और संस्कार का मंदिर है। यह शक्ति है जहां से अन्त्योदय की साधना की जाती है और यह वह स्थान है जहां हमारे कार्यकर्ता एक परिवार की तरह इकट्ठा होकर राष्ट्र निर्माण की नींव रखते हैं। भाजपा कार्यालय कोई कॉरपोरेट और केविन की संस्कृति का प्रतीक नहीं है नहीं बल्कि हमारे जनता की सेवा और संस्कारों और उनके सपनों का केन्द्र है। यह त्याग और तप का परिणाम है। हरियाणा में तीसरी बार हमारी सरकार अगर बनी है तो उसमें केन्द्र नेतृत्व का सबसे बड़ा योगदान है और अभी भी हमें रुकना नहीं है, हरियाणा के घर घर तक पहुंचने का प्रयास करना है और विकसित भारत में विकसित हरियाणा का योगदान सबसे ज्यादा हो उसके लिए हमें निरंतर प्रयास करना है।

यह भी पढ़ें- Pradeep Sardana 50 Years in Journalism: महामहिम राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद खां ने प्रदीप सरदाना और उनकी पत्रकारिता को दिया बड़ा सम्मान, स्वयं उनके घर दिल्ली जाकर दी स्वर्ण जयंती की बधाई

प्रख्यात पत्रकार प्रदीप सरदाना के पत्रकारिता में 50 वर्ष होने के भव्य समारोह में आए कई दिग्गज, नितिन गडकरी ने कहा प्रामाणिक पत्रकार प्रदीप सरदाना के लेखन, कर्मठता, ईमानदारी और सिद्दांतों को मेरा सलाम

Related Articles

Back to top button