Asian Games 2023: एशियाई खेलों में भारत ने 100 मेडल जीत कर रच दिया नया इतिहास

एशियाई खेलों में भारत ने 100 पदक प्राप्‍त करने के लक्ष्‍य को शानदार तरीके से हासिल कर लिया है। महिला कबड्डी के फाइनल में भारत ने चीनी ताइपे को हराकर देश के लिए एक सौंवें पदक पर कब्‍जा करते हुए स्‍वर्ण पदक जीता है।

भारत 25 स्वर्ण, 35 रजत और 40 कांस्य सहित कुल 100 पदक जीतकर चौथे स्‍थान पर है। एशियाई खेलों में भारत का अब तक यह सर्वश्रेष्‍ठ प्रदर्शन है।

चीन के हांगचोओ में हो रहे एशियाई खेलों में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। महिला कंपाउंड तीरंदाजी में ज्योति सुरेखा वेन्नम ने आज सुबह-सुबह स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया है। उन्होंने एशियाई खेलों का रिकॉर्ड बनाते हुए फाइनल मैच में दक्षिण कोरिया की सो सी को 149-145 के अंतर से पराजित किया।

तो वहीं तीरंदाजी में पुरुष कंपाउंड के फाइनल मैच में अभिषेक वर्मा ने स्‍वर्ण पदक और ओजस देवताले ने रजत पदक पर कब्‍जा किया। कंपाउंड आर्चरी में भारत ने सभी प्रतियोगिताएं जीती हैं। कंपाउंड तीरंदाजी में ही अदिति स्वामी ने सिंगल्‍स प्रतियोगिता का कांस्य पदक हासिल किया है। अदिति ने इंडोनेशिया की रतिह फदली के खिलाफ 146-140 के अंतर से जीत दर्ज की।

खेलों के 14वें दिन होने वाली खेल स्‍पर्धाओं के बारे में हम बात करें तो महिला कबड्डी के फाइनल में भारत का सामना चीनी ताइपे से हो रहा है।

एशियाई खेलों में भारत के लिए शुक्रवार का दिन भी शानदार रहा और भारतीय सूरमाओं ने एक स्वर्ण, दो रजत और छह कांस्‍य सहित कुल नौ पदक जीते थे। पुरुष हॉकी में भारत ने जापान को 5-1 से हराकर स्वर्ण पदक जीता और पेरिस ओलंपिक के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।

तीरदांजी में शुक्रवार को पुरूषों की रिकर्व टीम स्‍पर्धा में भारत को रजत पदक मिला है। फाइनल में अतनु दास, धीरज बोम्‍मादेवड़ा और तुषार प्रभाकर शेल्‍के की टीम को कोरिया से 1-5 से हार का सामना करना पड़ा था। पुरूषों की ब्रिज टीम स्‍पर्धा में भारत को रजत पदक मिला है। तीरंदाजी में महिला रिकर्व टीम स्‍पर्धा में भारत ने कांस्‍य पदक जीता। बैंडमिंटन के पुरूष सिंगल्‍स में एच. एस. प्रणॉय को कांस्‍य पदक मिला। सेमीफाइनल में प्रणॉय को चीन के ली शिफेंग से पराजय का सामना करना पड़ा।

Related Articles

Back to top button